सोशल मीडिया पर निबंध

1/5 - (1 vote)

प्रस्तावना

आजकल के डिजिटल युग में सोशल मीडिया के विषय में हर कोई जानता है। आज के समय में दिन प्रतिदिन टेक्नोलॉजी का विकास बढ़ता जा रहा है। इस टेक्नोलॉजी के बढ़ते विकास में सोशल मीडिया का भी जबरदस्त उपयोग किया जाने लगा है। वर्तमान सोशल मीडिया के अन्तर्गत व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, स्नैपचैट व ट्विटर जैसी एप्लीकेशन आती हैं।

सोशल मीडिया क्या है?

सोशल मीडिया मूल रूप से कंप्यूटर तथा मोबाइल या फिर इंटरनेट से जुड़ा एक संचार साधन है।जिसके माध्यम से सूचना, विचार, समाचार आदि को एक दूसरे के साथ सांझा करने में सक्षम साबित होता है। आज के समय में सोशल मीडिया का उपयोग तेजी से बढ़ता जा रहा है। सोशल मीडिया के जरिए लोगों से जुड़ने में आसानी होती है। हम सोशल मीडिया के जरिए किसी भी चीज के बारे में सकारात्मक तथा नकारात्मक दोनों प्रकार की सूचनाओं को प्राप्त कर सकते हैं।

सोशल मीडिया की भूमिका

सोशल मीडिया एक ऐसा प्रभावपूर्ण साधन बन चुका है, जिसका प्रभाव हर व्यक्ति पर पड़ रहा है। आज के दौर में सोशल मीडिया के बिना लोग अपने जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। समाज में किसी भी विषय को लेकर सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में सोशल मीडिया की भूमिका अहम रहती है। सोशल मीडिया के माध्यम से आपसी मेलजोल बढ़ता है और अन्य देशों की खबरों को भी आसानी से सुना जा सकता है। समाज में एक अच्छा संदेश फैलाने के लिए सोशल मीडिया एक बेहतरीन माध्यम है। लेकिन आजकल के समय में सोशल मीडिया का गलत उपयोग बच्चों की मानसिकता पर बुरा प्रभाव डाल रहा है। जिससे देश का भविष्य खतरे में पड़ सकता है।

सोशल मीडिया के नुक़सान

सोशल मीडिया ने आज की युवा पीढ़ी पर बेहद गहरा प्रभाव डाला है। सोशल मीडिया का सही उपयोग आपके काम को सरल और बेहतर बना सकता है। लेकिन इसका गलत उपयोग आपके भविष्य को अंधकार की ओर ले जा सकता है। सोशल मीडिया से जुड़ी कई गेमिंग एप्लिकेशन बच्चों के लिए घातक बन चुकी हैं। जॉब से जुड़ी एप्लीकेशन धोखाधड़ी से लोगों को लूटने में माहिर बन चुके हैं। इतना ही नहीं हैकर्स आपके सोशल मीडिया के किसी भी एकाउंट को हैक करके आपकी जानकारी का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि इससे बचने के लिए कई प्राइवेसी, सिक्योरिटी सेटिंग्स हैं लेकिन जिन्हें इसकी पूरी जानकारी नहीं होती है वह इसके चंगुल में फंस जाते हैं।

उपसंहार

अतः जिस प्रकार हर चीज के सकारात्मक व नकारात्मकता दोनों ही पहलू होते हैं। उसी प्रकार सोशल मीडिया की भी अपनी कुछ खासियत और नुकसान परिलक्षित होते हैं। लेकिन वर्तमान समय में बेहद आवश्यक हो चुका है कि सरकार द्वारा देश में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की अपनी एक सीमा तय कर देनी चाहिए। साथ ही उम्र के अनुसार ही सोशल मीडिया ऐप्स का इस्तेमाल किए जाने की अनुमति मिलनी चाहिए। ऐसा करने से सोशल मीडिया का इस्तेमाल लोग उचित दिशा में करने के लिए अग्रसर हो सकते हैं। निसंदेह सोशल मीडिया हमारे लिए एक वरदान है। लेकिन वरदान को अभिशाप बनाने में सबसे बड़ा हाथ मानव जाति का ही होता है।

Leave a Comment